रामनगर के पुछड़ी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, 525 पुलिसकर्मी तैनात

HIGHLIGHTS
- अभियान के लिए पूरे इलाके को दो सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया है।
- सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को सौंपी गई है।
- मौके पर पांच एसपी स्तर के अधिकारी और छह सीओ जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
रामनगर। पुछड़ी गांव में वन विभाग की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार सुबह करीब चार बजे राजकीय महाविद्यालय से पुलिस, वन विभाग और प्रशासन की टीमें अधिकारियों के नेतृत्व में एक साथ गांव पहुंचीं। इसके बाद सुबह पांच बजे से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया।
कार्रवाई के लिए पूरे क्षेत्र को 14 सेक्टर में बांटा गया है। अलग-अलग स्थानों पर एक साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। कई लोगों ने रात में ही अपना सामान वहां से हटा लिया था। अभियान के तहत कच्चे और पक्के निर्माणों को हटाया जा रहा है। कुल पांच हेक्टेयर जमीन से अतिक्रमण हटाया जाना है। पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
525 पुलिसकर्मियों की तैनाती
अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पांच एसपी स्तर के अधिकारी, छह सीओ, 25 निरीक्षक, 82 उपनिरीक्षक और 525 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की तीन कंपनियां भी मौके पर लगाई गई हैं।
सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र को दो सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया है। छह बैरियर भी बनाए गए हैं। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को पूरी कार्रवाई का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, तीन अपर पुलिस अधीक्षक और छह क्षेत्राधिकारी अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस अधिकारियों की अलग से तैनाती की गई है।
पुलिस और पीएसी के साथ मौके पर मजिस्ट्रेट तथा वन विभाग के दो डीएफओ, पांच एसडीओ, 14 रेंजर और 240 डिप्टी रेंजर व बीट अधिकारी भी मौजूद हैं।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता, एंटी रायट टीम, आंसू गैस दस्ता, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी तैनात किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.