कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एचआर खजूरिया का निधन, शीला दीक्षित के रह चुके थे प्रमुख सलाहकार
By Hitesh — August 24, 2026

HIGHLIGHTS
- खजूरिया ने रक्षा क्षेत्र के सिविलियन कर्मचारियों के कल्याण के लिए काम किया।
- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव के रूप में संगठन को सेवाएं दीं।
- डोगरा समुदाय और जम्मू-कश्मीर के लोगों की आवाज उठाते रहे।
Author: — Dainik Dehat
जम्मू। कांग्रेस नेता एचआर खजूरिया का निधन हो गया। पार्टी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। स्वर्गीय खजूरिया ने अपना जीवन जनसेवा, सामाजिक कल्याण और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार में डिप्टी डायरेक्टर (ईएमई) के पद पर रहते हुए उन्होंने रक्षा क्षेत्र में कार्यरत सिविलियन कर्मचारियों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
खजूरिया कांग्रेस के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उन्होंने कई वर्षों तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव के तौर पर संगठन को अपनी सेवाएं दीं। दिल्ली में डोगरा समुदाय की आवाज को मजबूत करने के साथ ही वह जम्मू-कश्मीर के लोगों की चिंताओं, अधिकारों और आकांक्षाओं को भी प्रमुखता से उठाते रहे।
स्वर्गीय शीला दीक्षित के सलाहकार और रणनीतिकार के तौर पर भी खजूरिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह एक सम्मानित ट्रेड यूनियन नेता भी थे। इंडियन नेशनल डिफेंस वर्कर्स फेडरेशन के तहत उन्होंने डिफेंस सिविलियन एम्प्लाइज के मुख्य संचालक और प्रवक्ता के रूप में कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाया।
उन्होंने विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अध्यक्ष के रूप में भी नेतृत्व किया और कर्मचारियों के अधिकारों एवं कल्याण के लिए लगातार संघर्ष किया। पार्टी प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि खजूरिया का जीवन समर्पित सार्वजनिक सेवा, संगठनात्मक नेतृत्व और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा।
उन्होंने राजनीतिक, सामाजिक और कर्मचारी आंदोलनों के जरिए विभिन्न वर्गों की समस्याओं को आवाज दी और अपने पीछे सेवा एवं नेतृत्व की प्रेरणादायी विरासत छोड़ी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.