कफ सिरप केस: मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल का पिता गिरफ्तार, एयरपोर्ट पर पुलिस ने दबोचा

सोनभद्र पुलिस को कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध सप्लाई मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। तस्करी नेटवर्क के मुख्य आरोपियों में शामिल शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल को पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि वह थाईलैंड होते हुए सिंगापुर जाने की तैयारी में था। भोला जायसवाल कथित रूप से शैली ट्रेडर्स नामक फर्म संचालित करता है, जिसके जरिए भारी मात्रा में कफ सिरप की आपूर्ति की गई थी।
7.53 लाख कफ सिरप की बिक्री पर खुला बड़ा रैकेट
सोनभद्र जिले में कोडीनयुक्त सिरप के बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार का खुलासा तब हुआ, जब औषधि निरीक्षक राजेश कुमार मौर्य ने जिले के दो मेडिकल स्टोरों की जांच की। ये दोनों दुकानें सगे भाइयों द्वारा संचालित थीं।
जांच में सामने आया कि रांची स्थित शैली ट्रेडर्स ने इन दो स्टोरों मेसर्स मां कृपा मेडिकल और मेसर्स शिविक्षा फार्मा को 7,53,000 शीशियाँ (7.53 करोड़ एमएल) कोडीनयुक्त सीरप बेचा था।
यह मात्रा न सिर्फ संदिग्ध पाई गई, बल्कि दुकानों पर स्टॉक या बिक्री से जुड़े कोई रिकॉर्ड जैसे रजिस्टर, लाइसेंस की प्रति या दवाइयों का भंडार भी नहीं मिले।
महीनों से बंद थीं दुकानें, अलमारी तक खाली मिली
निरीक्षण के दौरान दोनों दुकानें बंद पाई गईं। आसपास के लोगों और मकान मालिकों ने बताया कि ये दुकानें कई महीनों से खुली ही नहीं थीं। बाद में मालिकों द्वारा भेजी गई चाबियों से जब दुकानें खोली गईं, तो अंदर पूरा परिसर खाली मिला। न दवाओं का स्टॉक था और न ही किसी तरह का कारोबारी दस्तावेज।
मुख्य आरोपियों पर दर्ज हुई FIR
तस्करी गिरोह से जुड़े तार मिलने पर शुभम जायसवाल, उसके पिता भोला जायसवाल और दोनों मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.