दिल्ली में झपटमारी करने वाला दंपती गिरफ्तार, 11 सोने के लॉकेट बरामद

दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले में पुलिस ने झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक दंपती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद ताहिर और उसकी पत्नी खुशी बीबी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह जोड़ा बेहद सुनियोजित तरीके से राहगीरों को निशाना बनाता था, जिसमें पत्नी लोगों का ध्यान भटकाती थी और पति मौका देखकर सोने के गहने झपटकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 सोने के लॉकेट और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी बरामद की है। अधिकारियों का दावा है कि इस गिरफ्तारी से कम से कम पांच झपटमारी के मामलों का खुलासा हुआ है।
दो स्थानों पर हुई वारदात से शुरू हुई जांच
पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, 8 अप्रैल को बवाना थाना क्षेत्र के बंगाली चौक पर एक महिला से सोने का लॉकेट झपटने की शिकायत मिली थी। इसके कुछ ही समय बाद पूठखुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल के पास भी इसी तरह की दूसरी घटना सामने आई।
पीड़ितों ने बताया था कि वारदात में एक महिला और पुरुष शामिल थे, जो मिलकर झपटमारी को अंजाम दे रहे थे। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी दंपती को बवाना इलाके से दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से दो सोने के लॉकेट बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शाहबाद डेयरी और भलस्वा क्षेत्र में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है।
घर से भी बरामद हुए गहने
पुलिस ने आरोपियों के जेजे कॉलोनी स्थित घर पर छापेमारी कर अतिरिक्त नौ सोने के लॉकेट भी बरामद किए।
जांच में सामने आया है कि यह दंपती स्कूटी पर सवार होकर इलाके में घूमता था और सुनियोजित तरीके से राहगीरों को निशाना बनाता था। महिला पहले लोगों का ध्यान भटकाती थी, जबकि उसका पति मौका देखकर झपटमारी की वारदात को अंजाम देता था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.