उत्तराखंड में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी, पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट

HIGHLIGHTS
- बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
- चमोली समेत कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
- 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
उत्तराखंड: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के साथ चमोली में भी कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश के बाकी जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा, 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दो नवंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए
मौसम विभाग ने शुक्रवार को पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट है। इसे देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। सचिव ने निर्देश दिए कि खराब मौसम या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए। साथ ही, संबंधित अधिकारी यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखें और हालात के अनुसार आवश्यक निर्णय लें।
मौसम संबंधी चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के लिए राहत और बचाव दलों को तैयार रखने को कहा गया है।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों, जलधाराओं तथा भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतें।
किसी भी आपात स्थिति या आपदा से जुड़ी घटना की सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर तत्काल देने की अपील की गई है।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा और मोहित माथुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.