दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन: पीएम मोदी–सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहारीगढ़ में प्रस्तावित दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। वीवीआईपी मूवमेंट और बड़ी संख्या में लोगों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था 12 अप्रैल की शाम 6 बजे से 14 अप्रैल की शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मुजफ्फरनगर की ओर से देहरादून जाने वाले सभी वाहनों को रामपुर तिराहा और मलीरा कट से होते हुए पुरकाजी, मंगलौर, रुड़की और हरिद्वार मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह देवबंद और नागल क्षेत्र से आने वाले वाहनों को कोलकी बाईपास के जरिए गागलहेड़ी और भगवानपुर होते हुए आगे भेजा जाएगा।
सहारनपुर से देहरादून जाने वाले ट्रैफिक को गागलहेड़ी तिराहे से भगवानपुर होकर रुड़की और हरिद्वार की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि बेहट और छुटमलपुर मार्ग से आने वाले वाहन बड़कलां अंडरपास से भगवानपुर की ओर डायवर्ट रहेंगे। यमुनानगर से आने वाले वाहनों को पांवटा साहिब मार्ग का विकल्प दिया गया है।
देहरादून से सहारनपुर की ओर आने वाले वाहनों को ऋषिकेश और हरिद्वार के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं दिल्ली और शामली की ओर से देहरादून जाने वाले वाहनों को बाबरी कट से मुजफ्फरनगर हाईवे होते हुए रुड़की–हरिद्वार मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.