ब्रह्मोस की मांग बढ़ी, 2027 में यूपी में भाजपा की वापसी तय: राजनाथ सिंह

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने भारतीय राजनीति में एक बड़ा बदलाव दर्शाया है। शनिवार को कैंट स्थित संस्कृत विद्यालय में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग से संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा का यह सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव में बिहार जैसा प्रदर्शन दोहराएगी।
राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी जाति, पंथ या धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती। हमारी राजनीति देश की सुरक्षा, गौरव, संस्कृति और विकास के लिए होती है। उन्होंने कहा कि बिहार में जनता ने देखा कि राज्य सरकार में भ्रष्टाचार नहीं है, इसलिए उन्होंने पुनः सत्ता भाजपा को सौंपी।
भ्रष्टाचार के खिलाफ पीएम मोदी का अभियान
रक्षा मंत्री ने बताया कि पहले सहायता राशि अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचती थी क्योंकि भ्रष्टाचार उसकी राह में बाधा बनता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लिया और आज यह लक्ष्य सफल हो रहा है। अब सहायता राशि सीधे जरूरतमंदों के खातों में पहुंच रही है, और यूपीआई के माध्यम से लेनदेन बढ़ने से भ्रष्टाचार पर नियंत्रण में मदद मिली है।
भारत की मिसाइल और हथियारों में बढ़ी मांग
राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारत में निर्मित मिसाइलों और हथियारों की मांग बढ़ गई है। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल का उदाहरण दिया, जो ऑपरेशन सिंदूर में प्रभावी साबित हुई और लखनऊ में बनी है। यह लखनऊवासियों के लिए गर्व की बात है।
जीएसटी सुधार और विकास कार्यों की चर्चा
संवाद कार्यक्रम में जीएसटी सुधार पर चर्चा हुई। चेतन अग्रवाल ने बताया कि दरों में बदलाव से व्यापार बढ़ा है, जबकि नीलू त्रिवेदी ने और अधिक सरलीकरण की मांग की। रक्षा मंत्री ने इस पर सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके अलावा, छावनी और कैंट क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना की गई।
विशेष सम्मान और शोक संवेदना
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 95 वर्षीय डॉ. ज्ञान प्रकाश गुप्ता को सम्मानित किया, जो आज भी जरूरतमंदों को 10 रुपये में दवा उपलब्ध कराते हैं। इसके अलावा मूर्तिकार बबलू यादव और पत्रकार रजत सिंह को भी सम्मानित किया गया।
साथ ही रक्षा मंत्री ने राज्यसभा सदस्य संजय सेठ और भाजपा महानगर मंत्री उदय नारायण पांडे के परिवार को शोक संवेदना व्यक्त की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.