घना कोहरा ले रहा जान..गुरुद्वारा माथा टेकने जा रहे बुजुर्ग दंपती को वाहन ने रौंदा

पंजाब में घने कोहरे के चलते सड़क हादसे आम हो गए हैं। लुधियाना के रायकोट में शुक्रवार सुबह कोहरे के बीच एक भयावह हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग दंपती को वाहन ने कुचल दिया। हादसे में पति अवतार सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जसवीर कौर गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें रायकोट अस्पताल से लुधियाना रेफर कर दिया गया है। आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
थाना सिटी रायकोट की पुलिस ने मृतक के बेटे रमनप्रीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन की पहचान करने में जुटी है। धुंध के कारण घटना के समय नंबर प्लेट ठीक से नहीं दिखाई दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शिकायतकर्ता रमनप्रीत ने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे वे अपने परिवार और मोहल्ले की कुछ महिलाओं के साथ गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। कोहरे के चलते सड़क से बाईं तरफ चल रहे दंपती को पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पिता अवतार सिंह को मृत घोषित कर दिया गया।
इसी तरह जगरांव के थाना हठूर क्षेत्र में भी घने कोहरे के कारण बाइक फिसलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक राज नारायण उर्फ राजू (गांव हठूर) अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक फिसलने से वह दीवार से टकरा गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राजू दो बच्चों के पिता थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.