देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान बिगड़ी छात्राओं की तबीयत, 25-30 अस्पताल में भर्ती

HIGHLIGHTS
- तिरंगा यात्रा में करीब पांच हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
- यात्रा पीएम श्री जीआइसी परिसर से सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई।
- रास्ते में कुछ छात्राओं को चक्कर आने लगा था।
देवरिया। जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को पीएम श्री जीआइसी परिसर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल कई छात्राओं की तेज धूप और गर्मी के कारण हालत बिगड़ गई। रास्ते में कुछ छात्राओं को चक्कर आने लगा, जबकि स्टेडियम पहुंचने के बाद करीब 25 से 30 छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गई। कई छात्राएं अचेत हो गईं।
सूचना पर स्टेडियम में एंबुलेंस बुलाकर सभी को बारी-बारी से महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, छात्राओं की तबीयत धूप लगने और गर्मी के कारण बिगड़ी है। सभी का उपचार चल रहा है।
पीएम श्री जीआइसी परिसर से सुबह करीब 11 बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जीआइसी समेत कई विद्यालयों के करीब पांच हजार छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। यात्रा जीआइसी परिसर से निकलकर कोतवाली रोड और सिविल लाइंस रोड होते हुए स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यात्रा के दौरान तेज धूप और उमस के कारण रास्ते में ही कुछ छात्राओं को चक्कर आने लगा। शिक्षकों ने पानी के छींटे मारकर और पानी पिलाकर उन्हें सामान्य करने का प्रयास किया। स्टेडियम पहुंचने के बाद कई छात्राओं की हालत फिर बिगड़ गई। कुछ छात्राएं अचेत हो गईं। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराकर उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भेजा।
घटना की जानकारी मिलने पर डीएम मधुसूदन हुल्गी और सीडीओ राजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती छात्राओं का हाल जाना। चिकित्सकों की निगरानी में सभी छात्राओं का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.