घबराइए मत, हर समस्या का समाधान किया जाएगा- जनता दर्शन में बोले सीएम योगी

गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन रविवार सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने आम लोगों से संवाद करते हुए आश्वस्त किया, “घबराइए मत, हर शिकायत का समय पर और प्रभावी समाधान कराया जाएगा।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित की समस्या पर संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ ध्यान दिया जाए।
करीब 200 लोगों की समस्याओं का समाधान किया सुनिश्चित
रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। महिलाओं की संख्या इसमें अधिक थी। सीएम योगी ने कुर्सियों पर बैठे लोगों तक खुद पहुंचकर उनकी बात सुनी और सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जमीन कब्जा करने वाले माफिया को नहीं बख्शेंगे
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन कब्जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब की जमीन पर किसी भी दबंग या माफिया का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों की पूरी जांच की जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
गायब हुए बच्चे और गंभीर बीमारियों के इलाज की चिंता पर भी किया ध्यान
अंबेडकरनगर से आई एक महिला ने बताया कि उसका बच्चा बाजार जाते समय साइकिल सहित गायब हो गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस प्रकरण को संवेदनशीलता से देखने और बच्चे का पता लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहेगी और विवेकाधीन कोष से पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। एक महिला ने किडनी के इलाज और डायलिसिस के लिए धनराशि न होने की समस्या बताई, इस पर सीएम ने तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा, “घबराओ मत, उपचार की पूरी व्यवस्था कराई जाएगी।”
सीएम ने बच्चों को भी दिया प्यार और आशीर्वाद
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने बच्चों पर भी खूब प्यार बरसाया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भेंट किए और आशीर्वाद दिया, जिससे माहौल और भी स्नेहपूर्ण बन गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.