प्रेमानंद महाराज के प्रति आस्था...दंडवत यात्रा पर निकले लखनऊ के तीन युवा

आस्था और श्रद्धा से प्रेरित होकर लखनऊ के तीन युवा—दीपक, सावन और अरविंद—संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए दंडवत यात्रा पर निकले हैं। 17 अगस्त को लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा बुधवार को 88वें दिन एटा पहुंची।
तीनों युवाओं ने संकल्प लिया है कि वे वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम जाकर महाराज के दर्शन करेंगे। दीपक ने बताया कि वे प्रतिदिन लगभग छह किलोमीटर दंडवत करते हुए तय करते हैं। यात्रा में दो साथी लगातार दंडवत करते हैं, जबकि तीसरा बाइक पर आवश्यक सामग्री लेकर उनके साथ चलता है।
यात्रा के दौरान भोजन-पानी की व्यवस्था स्थानीय श्रद्धालु करते हैं, अन्यथा तीनों स्वयं भोजन तैयार करते हैं। दीपक ने कहा कि यात्रा के दौरान 88 दिन पूरे हो चुके हैं और उनका लक्ष्य शीघ्र ही वृंदावन पहुंचकर महाराज के दर्शन करना है। सावन ने भी इस संकल्प की पुष्टि की और बताया कि पूरे मार्ग की यात्रा लगभग 120 दिन में पूरी करने का निर्णय लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इन युवाओं की भक्ति देखकर हर कोई नतमस्तक हो जाता है। दंडवत यात्रा न केवल उनकी आस्था को दर्शाती है, बल्कि समाज को भक्ति, त्याग और दृढ़ संकल्प का संदेश भी दे रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.