धन्यवाद रैली में गोलीबारी: महिला पंच और पूर्व सरपंच सहित 18 पर मामला दर्ज

लुधियाना के बचितर नगर इलाके में ब्लाक समिति चुनाव में जीत का जश्न मना रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं पर कांग्रेसियों द्वारा गोली चलाए जाने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में एक महिला कांग्रेसी पंच और पूर्व सरपंच को भी नामजद किया गया है।
पुलिस ने प्रवीण कुमार की शिकायत पर पूर्व सरपंच जसबीर सिंह, अजय वीर सिंह, उदयवीर सिंह, निंदा सरपंच, तजिंदर सिंह उर्फ लाडी, पूजा पंच, हरपाल सिंह बब्बू और अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार, तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन अभी पुलिस ने उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापामारी कर रही हैं। गोली लगने से घायल हुए अधिकांश लोगों को देर रात सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
शिकायत में बताया गया है कि जीत के बाद AAP कार्यकर्ता धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने अपने इलाके में रैली नहीं आने दी और विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी के बाद मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इसके दौरान पूर्व सरपंच जसबीर सिंह ने सीधी गोलियां चलाई, जिससे पांच लोग घायल हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के हाथों में तेजधार हथियार नजर आए।
गोलीकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने देर रात और शुक्रवार सुबह इलाके में कड़ी गश्त की और अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। पुलिस ने कई स्थानीय लोगों से पूछताछ की है और जांच अभी भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.