अमौसी एयरपोर्ट पर तकनीकी गड़बड़ी से उड़ानों का संचालन ठप, सैकड़ों यात्री फंसे

लखनऊ। अमौसी एयरपोर्ट पर शुक्रवार को ऑटोमेटिक मेसेज स्विचिंग सिस्टम (एएमएसएस) में तकनीकी खामी के कारण हवाई संचालन ठप पड़ गया। इसके चलते 45 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुई और कई विमान रनवे व एप्रन पर खड़े रहे। सैकड़ों यात्री टर्मिनल में फंसे रहे और नाराज यात्रियों ने हंगामा भी किया।
एएमएसएस वह सिस्टम है, जिसके जरिए उड़ानों का रूट, मौसम संबंधी जानकारी और अन्य तकनीकी डेटा एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) तक पहुंचता है। सिस्टम ठप होने से एटीसी की स्क्रीन पर फ्लाइट की जानकारी नहीं दिखी और संचालन मैनुअली करना पड़ा। जहां सामान्यत: डेटा ट्रांसफर चार-पाँच सेकंड में होता था, वहीं अब प्रत्येक फ्लाइट की प्रक्रिया में 15-20 मिनट लगने लगे। गड़बड़ी गुरुवार रात से शुरू हुई थी और शुक्रवार सुबह तक जारी रही। इसका असर जयपुर, अमृतसर, पटना, अहमदाबाद और जम्मू रूट की उड़ानों पर भी पड़ा।
तकनीकी दिक्कत के कारण कई फ्लाइटें घंटों लेट रही। दिल्ली से सुबह 6:35 बजे लखनऊ पहुंचनी वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 6350) करीब एक घंटे देरी से 7:34 बजे उतरी। एयर इंडिया (AI 2499) की उड़ान 7:10 बजे के बजाय 9:15 बजे आई। इसी तरह लखनऊ से दिल्ली जाने वाली फ्लाइटें भी देर से रवाना हुईं।
सुबह करीब 11:15 बजे रनवे पर इंडिगो की तीन उड़ानें खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों में आक्रोश बढ़ गया। एयरलाइन स्टाफ ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया। कई यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी या टिकट रीशेड्यूल करवाना पड़ा।
एयर डिफेंस क्लीयरेंस और फ्लाइट इंफॉर्मेशन क्लीयरेंस संदेशों के आदान-प्रदान में बाधा के कारण आठ फ्लाइटें बोर्डिंग के बाद भी एक घंटे से अधिक देर से रवाना हुईं। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सभी प्रभावित उड़ानों का संचालन कुशलतापूर्वक किया गया और यात्रियों की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए।
एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों के परिजन भी परेशान रहे। वेटिंग एरिया में लोगों को चार-पांच घंटे इंतजार करना पड़ा और पार्किंग में लंबी कतारें लग गईं। दिल्ली रूट की उड़ानें सबसे अधिक प्रभावित रहीं, जो आधे घंटे से लेकर दो घंटे तक देरी से रवाना हुईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.