पूर्व सांसद दानिश अली को फेसबुक पर धमकी, अमरोहा आने पर गंभीर चेतावनी

अमरोहा। पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली और कांग्रेस नेता सचिन चौधरी के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को फेसबुक पर धमकी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को मामले में नया मोड़ आया। फेसबुक यूज़र कुलदीप पोसवाल ने अपनी आईडी से पूर्व सांसद दानिश अली को धमकी भरा मैसेज भेजा और रमेश विधूड़ी का हवाला देते हुए उन्हें अमरोहा न आने की चेतावनी दी।
कांग्रेस नेता सचिन चौधरी के करीबी पूर्व प्रदेश सचिव शमीम अय्यूब ने इस मामले में साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों धमकी मामलों की जांच शुरू कर दी है।
शमीम अय्यूब ने बताया कि कुलदीप पोसवाल ने लिखा है कि पूर्व सांसद दानिश अली हमारे समाज के खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। इसे तुरंत रोकें, नहीं तो जो हाल रमेश विधूड़ी का हुआ था उससे भी बुरा हाल होगा। चेतावनी में यह भी कहा गया कि अमरोहा में आने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
इससे पहले बुधवार को दिल्ली निवासी अभिषेक पांडे की ओर से भी फेसबुक पर धमकी मिली थी। लगातार दूसरे दिन धमकी मिलने के बाद शमीम अय्यूब ने अमरोहा पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
एसपी अमित कुमार आनंद ने कहा कि दोनों धमकी मामलों की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पूर्व सांसद दानिश अली ने फिलहाल इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.