गोरखपुर: अलाव ताप रहे लोगों पर चढ़ी स्कॉर्पियो, तीन की मौत

गोरखपुर। रामपुर गांव में सोमवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कहर बनकर टूट पड़ी। सड़क किनारे अलाव ताप रहे लोगों को कुचलते हुए वाहन आगे बढ़ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना रात करीब आठ बजे स्वर्गीय मोहित के घर के सामने हुई। गांव के भगवान दास (40), प्रिंस (15), अमर (25), जितेंद्र (40), हिमांशु (10) और दीपू ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे थे। इसी दौरान झारखंडी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और गलत दिशा में जाते हुए सीधे लोगों को चपेट में ले लिया।
हादसे में ऑटो चालक भगवान दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रिंस, हिमांशु और दीपू को भी चोटें आईं। हालत नाजुक होने पर 15 वर्षीय प्रिंस को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
लोगों को रौंदने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित एक गुमटी से जा टकराई। वाहन चला रहे संजय सिंह, जो पाम पैराडाइज क्षेत्र के निवासी और सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी कामता सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं, की भी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस के साथ राजघाट, खोराबार, तिवारीपुर, कोतवाली और कैंट थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से एम्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, हालांकि पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कॉर्पियो अत्यधिक तेज गति में थी और चालक संतुलन नहीं संभाल सका। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.