लखीमपुर में कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव, एक घायल; आठ-नौ संदिग्ध हिरासत में

HIGHLIGHTS
- पुलिस ने आठ-नौ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
- पुलिस के अनुसार, घटना में मानसिक रूप से बीमार नाबालिग के शामिल होने की बात सामने आई।
- अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
लखीमपुर। खीरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव की घटना सामने आई। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक कांवड़िया घायल हो गया और उसके सिर में चोट आई। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आठ-नौ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी प्रेसनोट में बताया गया कि घटना को एक मानसिक रूप से बीमार किशोर ने अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात गांव रुखिया से करीब 40-50 कांवड़िये नहर के पास स्थित माता मंदिर से जल भरकर लिलौटी नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। कांवड़ियों का जत्था जब जुलाहनपुरवा के पास पहुंचा, तभी कुछ अराजकतत्वों ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक पत्थर चलने से कांवड़ियों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया
पथराव की घटना में राजापुर निवासी कांवड़िया विकास के सिर में चोट लग गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ विवेक तिवारी और सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आठ-नौ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि पथराव की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि घटना एक मानसिक रूप से बीमार नाबालिग लड़के द्वारा की गई। हालांकि, पुलिस अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.