हिमाचल: कॉलेज जा रही छात्रा की गला काटकर हत्या, सरकाघाट में सनसनी

हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान सिया गुलेरिया (19) निवासी गांव नैण, गोपालपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सिया सुबह कॉलेज के लिए निकली थी, तभी रास्ते में उस पर हमला कर दिया गया। प्रारंभिक चर्चाओं के मुताबिक इस वारदात को दो बाइक सवार युवकों ने अंजाम दिया। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही सरकाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिसे ग्रामीणों ने फतेहपुर पंचायत के थाना गांव में पकड़कर पुलिस के हवाले किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। एसपी मंडी विनोद कुमार, एएसपी अभिमन्यु वर्मा और डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम जांच का जायजा ले रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इसे बेहद दुखद और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
वहीं सरकाघाट के स्थानीय कांग्रेस नेता युदोपति ठाकुर ने भी इस घटना की निंदा की और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.