जयंत चौधरी ने मेरठ-बागपत को खेल सुविधाओं के लिए 1.30 करोड़ रुपये की सांसद निधि से दी सौगात

केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने क्षेत्र में खेल ढांचे को मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से अपनी सांसद निधि से मंजूर राशि की पहली किस्त जारी कर दी है। राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ और पूर्व महासचिव चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर के अनुसार, इस पहल से बागपत और मेरठ के खेल अवसंरचना विकास को नई गति मिलेगी।
तोमर ने बताया कि पहली परियोजना बागपत के बालेनी स्थित श्री कृष्ण इंटर कॉलेज में शुरू की गई है। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से यहाँ आधुनिक खेल सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं। परियोजना में 200 मीटर से अधिक एवं 100 मीटर के विस्तार वाला छह-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, हैमर थ्रो, जेवलिन और डिस्कस थ्रो के लिए विशेष क्षेत्र तथा खिलाड़ियों की तैयारी के लिए इंडोर ट्रेनिंग हॉल का निर्माण शामिल है। यह केन्द्र स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा।
दूसरी प्रमुख परियोजना मेरठ के रासना स्थित शालिग्राम शर्मा स्मारक पीजी कॉलेज में स्वीकृत हुई है, जहाँ एक करोड़ रुपये की लागत से 400 मीटर का छह-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनाया जाएगा। इस ट्रैक के बन जाने से मेरठ और आसपास के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण माहौल मिलेगा और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा तीसरी परियोजना के तहत मेरठ जनपद के दभथुवा गाँव स्थित गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। निधि से दो आधुनिक कबड्डी ग्राउंड तैयार किए जाएंगे—एक मैट वाले और एक नॉन-मैट ग्राउंड के रूप में। इनसे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को सुरक्षित और उन्नत प्रशिक्षण सुविधा मिलेगी।
चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि इसी श्रृंखला में केंद्रीय राज्य मंत्री 29 नवंबर को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में खिलाड़ियों को सम्मानित भी करेंगे। यह कार्यक्रम क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरित करने और खेल विकास को दिशा देने वाला होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.