टावर पर चढ़ा आशिक, पेट्रोल लेकर किया हाईवोल्टेज ड्रामा

इश्क में जुनून और जिद जब हद से आगे बढ़ जाए, तो हालात खतरनाक रूप भी ले लेते हैं। ऐसा ही मामला मंगलवार सुबह औरंगाबाद थाना क्षेत्र के लखावटी गांव में सामने आया, जहां एक युवक शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया और हंगामा खड़ा कर दिया। करीब 70 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर जान देने की धमकी दी, जिससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। बाद में प्रेमिका के समझाने पर वह नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
शादी के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, स्याना कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला युवक अपनी रिश्तेदारी के दौरान औरंगाबाद के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में एमए की छात्रा से मिला था। वहीं दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और संबंध प्रेम प्रसंग तक पहुंच गए। मामला आगे चलकर कथित तौर पर कोर्ट मैरिज तक पहुंच गया, लेकिन बाद में युवती के परिजनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
पेट्रोल लेकर टावर पर चढ़ा युवक
मंगलवार सुबह युवक गांव पहुंचा और पेट्रोल की केन साथ लेकर सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और युवती के पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।
टावर के नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। युवक लगातार नीचे कूदने और आत्महत्या की धमकी देता रहा और एक ही मांग पर अड़ा रहा कि जब तक उसकी प्रेमिका मौके पर नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
प्रेमिका की समझाइश के बाद उतरा नीचे
स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने युवती को मौके पर बुलाया और फोन पर युवक से बातचीत कराई। बातचीत और समझाइश के बाद युवक ने टावर से नीचे उतरने का फैसला किया। पुलिस ने उसके पास से पेट्रोल की केन भी बरामद कर ली।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले कोर्ट मैरिज हो चुकी थी, लेकिन अब युवती उसके साथ रहने को तैयार नहीं है। युवती की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.