झांसी में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 30 से ज्यादा हिरासत में

HIGHLIGHTS
- मौरयाना, खैरयाना और कडोर गांवों में एक साथ कार्रवाई
- करीब एक महीने से पुलिस रख रही थी नजर
- साइबर अपराध के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित थे गांव
झांसी के कटेरा थाना क्षेत्र के तीन गांवों में संचालित साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने शुक्रवार रात खुलासा किया। पुलिस ने मौरयाना, खैरयाना और कडोर गांव में छापेमारी कर 30 से अधिक महिला-पुरुषों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को मौके से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, राउटर, पुलिस सायरन और अन्य सामान बरामद हुआ है। अपर पुलिस अधीक्षक अरीबा नोमान के अनुसार, कटेरा थाना क्षेत्र के मौरयाना, खैरयाना और कडोर गांवों को साइबर अपराध के हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया था। पुलिस करीब एक महीने से इन गांवों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
पुलिस ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र और केंद्रीय जांच एजेंसियों से भी इनपुट जुटाए थे। इसके बाद शुक्रवार रात गुप्त तरीके से कार्रवाई की योजना बनाई गई। अभियान के लिए शहरी क्षेत्र के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को भी पहले से अभियान की जानकारी नहीं दी गई थी।
शुक्रवार रात पुलिस की टीमों ने अचानक तीनों गांवों को चारों ओर से घेर लिया और एक साथ तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के अचानक पहुंचने से गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारी बनकर धमकी देते थे और करते थे ठगी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह के सदस्य एफआईआर दर्ज कराने वाले लोगों के मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी जुटाते थे। इसके बाद वे पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी के कर्मचारी बनकर पीड़ितों को फोन करते थे और धमकाकर उनसे ठगी करते थे।
पूछताछ के दौरान साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गिरोह के काम करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है। कार्रवाई के बाद तीनों गांवों से पकड़े गए 30 से अधिक महिला-पुरुषों को कटेरा थाने लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस बरामद किए गए मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.