मेरठ: बिना अनुमति भीड़ जुटाने पर कार्रवाई, यूट्यूबर पर FIR, रिंकू सिंह की बहन भी पहुंचीं

मेरठ: हापुड़ रोड पर एक प्रतिष्ठान के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति भारी भीड़ जुटने से शहर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। मौके पर करीब दो हजार से अधिक लोगों के पहुंचने से लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीड़ में शामिल लोग सेल्फी लेने और वीडियो बनाने में व्यस्त दिखाई दिए।
सूचना मिलने पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के निर्देश पर नौचंदी थाना पुलिस और यातायात टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। इस दौरान व्यवस्था संभालने में बाउंसरों को भी लोगों को पीछे हटाना पड़ा।
पुलिस जांच में सामने आया कि कार्यक्रम के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इसी आधार पर शास्त्रीनगर एल-ब्लॉक चौकी प्रभारी हेमंत सागर की ओर से नौचंदी थाने में संबंधित यूट्यूबर और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रास्ता अवरुद्ध करने और बिना अनुमति आयोजन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में क्रिकेटर रिंकू सिंह की बहन नेहा सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था। उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग, खासकर युवा और बच्चे, मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि हापुड़ रोड पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया—एक ओर हापुड़ अड्डे तक और दूसरी ओर शास्त्रीनगर एल-ब्लॉक तक वाहनों की कतारें लग गईं।
घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.