श्रीनगर में उमर अब्दुल्ला ने तिरंगे रिबन को काटने से किया इनकार, वीडियो वायरल

श्रीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तिरंगे के रंगों वाले रिबन को काटने से इनकार कर दिया। बुधवार को हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनी के उद्घाटन के मौके पर यह अनोखा दृश्य देखने को मिला, जहां उन्होंने परंपरागत तरीके से रिबन काटने की बजाय उसे सम्मानपूर्वक हटाने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही मुख्यमंत्री रिबन काटने के लिए आगे बढ़े, उन्होंने देखा कि उस पर भगवा, सफेद और हरे रंग की पट्टियां बनी हुई हैं, जो राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीकात्मक रंगों से मेल खाती थीं। इसके बाद उन्होंने कैंची रोक दी और रिबन काटने से मना करते हुए आयोजकों से उसे बिना नुकसान पहुंचाए खोलने को कहा। मुख्यमंत्री ने रिबन को वापस कराते हुए निर्देश दिया कि इसे सुरक्षित तरीके से संभालकर रखा जाए।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसके बाद यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने मुख्यमंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए इसे तिरंगे के सम्मान से जोड़कर देखा, जबकि कुछ ने इसे एक संवेदनशील और प्रतीकात्मक निर्णय बताया।
सीएम अब्दुल्ला कश्मीर हाट में आयोजित ‘अपने कारीगरों को जानें’ कार्यक्रम का उद्घाटन कर रहे थे। समारोह में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी समेत कई अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.