पहलगाम में फिर लौटी रौनक, एक साल बाद बढ़ी पर्यटकों की आवाजाही

श्रीनगर। पिछले वर्ष 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बायसरन क्षेत्र में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के कई पर्यटन स्थलों पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी और पर्यटकों की आवाजाही में भारी गिरावट दर्ज की गई थी।
हालांकि अब लगभग एक वर्ष बाद हालात में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। अनंतनाग जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम, जिसे ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से जाना जाता है, एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार होने लगा है।
देशभर से पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था पहले से काफी मजबूत दिखाई दे रही है और उन्हें यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। पर्यटकों ने बताया कि सेना और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के कारण वे पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पर्यटन स्थलों के दोबारा खुलने, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार, कटड़ा से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन सेवा की शुरुआत और अमरनाथ यात्रा के सफल आयोजन के बाद घाटी में पर्यटन गतिविधियां फिर से गति पकड़ रही हैं।
प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में जम्मू-कश्मीर में पर्यटन उद्योग और अधिक तेजी से पटरी पर लौटेगा और पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.