आगरा में पुलिस टीम पर हमला, रिटायर्ड दरोगा समेत चार आरोपी गिरफ्तार

आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव अजीजपुर में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम को एक रिटायर्ड दरोगा ने अपने घर में बंद कर लिया। दरवाजा अंदर से बंद कर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस फोर्स ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद टीम को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद पुलिस ने रिटायर्ड दरोगा, उसके बेटे और दो बेटियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुराने मामले में नोटिस देने गई थी टीम
एसीपी सैंया डॉ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि गांव अजीजपुर निवासी श्रीराम आर्य मैनपुरी से वर्ष 2022 में दरोगा पद से सेवानिवृत्त हुआ था। उसके बेटों सोनू आर्य और दीपक आर्य के खिलाफ 26 जुलाई को गांव के ही एक युवक ने मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि 21 जुलाई की रात दोनों ने युवक और उसके साथी के साथ मारपीट की थी।
मामले की जांच कर रहे एसआई कपिल शर्मा कई बार नोटिस देने गए, लेकिन हर बार किसी न किसी बहाने उन्हें लौटा दिया गया। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एसआई कपिल शर्मा, एसआई अनीता कश्यप, एसआई सलोनी चौहान, हेड कांस्टेबल साधना यादव और सिपाही वीरेश कुमार नोटिस तामील कराने फिर पहुंचे।
दरवाजा बंद कर पुलिसकर्मियों से मारपीट
पुलिस के अनुसार, टीम के घर पहुंचते ही श्रीराम आर्य, उसकी बेटियां ममता, सुमन, सीमा और बेटा संजय उग्र हो गए। आरोपियों ने पहले दोनों नामजद बेटों को घर से भगा दिया और फिर दरवाजा बंद कर पुलिस टीम को अंदर ही बंधक बना लिया। जब पुलिसकर्मियों ने बाहर निकलने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई।
हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोग जुट गए, लेकिन स्थिति को देखते हुए कोई भी अंदर जाने का साहस नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने फोन कर थाने को सूचना दी।
पड़ोसी के घर से घुसकर छुड़ाया गया पुलिस दल
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद चौकी प्रभारी अनिल शर्मा समेत पुलिसकर्मी पड़ोसी के घर से होते हुए आरोपी के मकान में दाखिल हुए। करीब 30 मिनट बाद दरवाजा खुलवाकर पुलिस टीम को बाहर निकाला गया।
तीन दरोगाओं को आई चोट, जान से मारने की धमकी
एसीपी के अनुसार, इस घटना में एसआई कपिल शर्मा, एसआई सलोनी चौहान और एसआई अनीता कश्यप घायल हुए हैं। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने की धमकी भी दी थी। मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने श्रीराम आर्य, उसकी बेटियां ममता और सुमन तथा बेटे संजय को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी सीमा की तलाश की जा रही है। वहीं मारपीट के आरोपी सोनू और दीपक फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, क्षेत्र के लोगों ने भी रिटायर्ड दरोगा के बेटों पर दबंगई और धमकाने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवक का कहना है कि आरोपी उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी अक्सर इसी तरह का व्यवहार करते थे, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना रहता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.