ध्यान योग कार्यक्रम में पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू: राज्यपाल बोलीं- मेडिटेशन से दूर होता है तनाव

लखनऊ। सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन में शुक्रवार को ब्रह्मकुमारीज संस्थान द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय ध्यान योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच पर सीएम और राज्यपाल ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी थी, और बिना पास और जांच के किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मयूर नृत्य से राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके अलावा, दीदियों को कलश और भाइयों को ध्वजा देकर राष्ट्रपति ने सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ के रंगोली कलाकार हितेश ने गुलजार दादी और राष्ट्रपति के स्वागत के लिए खूबसूरत रंगोली तैयार की। संस्थान ने राष्ट्रपति के लिए एक विशेष कक्ष भी बनाया, जहां उन्होंने ध्यान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ध्यान योग को बढ़ावा देने के लिए यह एक महत्वपूर्ण अभियान है और राष्ट्रपति की उपस्थिति इसे और भी विशेष बनाती है। उन्होंने ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इस अभियान के लिए बधाई दी और कहा कि राजयोग के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का प्रचार किया जा रहा है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि ब्रह्मकुमारीज की स्थापना वर्ष 1937 में हुई थी, जब समाज विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा था। उन्होंने बताया कि राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति को सद्गुण और आंतरिक शांति की ओर ले जाता है। मेडिटेशन से न केवल तनाव कम होता है, बल्कि व्यक्ति आत्मा के अमर और अविनाशी स्वरूप को भी समझता है।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि आध्यात्मिक अनुभव से मृत्यु का भय कम होता है और व्यक्ति परिस्थितियों को दोष देने के बजाय स्व परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित करता है। उन्होंने ध्यान योग को विश्व शांति और सामाजिक समरसता के लिए आवश्यक बताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.