प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंचे, भव्य स्वागत के बीच काफिला शहर की ओर रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से शहर की ओर जाते समय काफिले के मार्ग पर ढोल-नगाड़ों की थाप और गुलाब की पंखुड़ियों के बीच पीएम का अभिनंदन किया गया।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सुनील पटेल, टी. राम, कमिश्नर एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी सड़क मार्ग से बीएलडब्ल्यू स्थित गेस्ट हाउस के लिए रवाना हुए। उनका काफिला बाबतपुर से हरहुआ होते हुए गिलट बाजार, जेपी मेहता, फुलवरिया फ्लाईओवर और बरेका तक गया। रास्ते में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथ हिलाकर और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। पीएम ने भी काफिले में रहते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
सड़क मार्ग पर संत अतुलानंद बाईपास, जेपी मेहता के पास, बरेका एफसीआई गोदाम और बरेका गेट के पास भारी संख्या में लोग जुटे। बरेका पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया।

काफिला बनारस स्टेशन से बरेका की ओर जाते समय कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बावजूद काफिले के गुजरने के बाद सड़कों पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.