राजभर का बड़ा दावा- 2027 में बनेगी NDA की सरकार, सपा का होगा सूपड़ा साफ

HIGHLIGHTS
- सपा पर पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हित में काम न करने का आरोप लगाया।
- करीब 22 हजार गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था का दावा किया।
- महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय से युवाओं को लाभ मिलने की बात कही।
यूपी: प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा और 2028 तक उसके राजनीतिक अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। सपा नेता अबू आजमी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करवाकर दिखाएं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा में चाटुकारिता का बोलबाला है। पार्टी में अगर कोई व्यक्ति नेतृत्व से सवाल करता है तो उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। राजभर ने सपा के पीडीए फॉर्मूले को भी छलावा बताया।
उन्होंने कहा कि सपा चार बार प्रदेश की सत्ता में रह चुकी है, लेकिन पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हित में कोई ठोस काम नहीं किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में भी अपेक्षित कार्य नहीं हुआ।
राजभर ने कहा कि एनडीए सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। प्रदेश के करीब 22 हजार गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी और कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था की जा रही है। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की स्थापना से पूर्वांचल के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिले हैं।
सपा के कारण पंचायत चुनाव में देरी हुई: ओमप्रकाश राजभर
ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि आजमगढ़ की पुरानी जेल को स्थानांतरित कर उसकी जमीन का जनहित में इस्तेमाल करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में देरी के सवाल पर राजभर ने कहा कि सपा की ओर से मामला न्यायालय में ले जाने के कारण प्रक्रिया लंबित हुई। उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्देश पर पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया जा चुका है। अब आगे की प्रक्रिया भी कोर्ट के आदेश के अनुसार पूरी की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.