दिल्ली में सड़क हादसा: महेंद्र पार्क में ट्रक ने एक साल की बच्ची को कुचला, चालक फरार

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली। महेंद्र पार्क के आजादपुर सब्जी मंडी इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में केवल एक साल की बच्ची दुर्गा की मौत हो गई। बच्ची उस समय अपनी मां के पास सड़क किनारे सो रही थी, जो मंडी में प्याज बेच रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का मामला दर्ज किया गया है।
परिवार और घटना की जानकारी
दुर्गा अपनी मां निर्मला देवी, पिता अशोक मंडल और छह भाई-बहनों के साथ शालीमार बाग के केला गोदाम झुग्गी में रहती थी। परिवार मूलतः भागलपुर, बिहार का निवासी है। बच्ची की मां आजादपुर सब्जी मंडी में प्याज बेचती हैं, जबकि पिता मजदूरी करते हैं।
महेंद्र पार्क थाने में दर्ज प्राथमिकी में निर्मला देवी ने बताया कि सोमवार दोपहर लगभग 3.30 बजे उन्होंने अपनी सबसे छोटी बेटी दुर्गा को सड़क किनारे अपने पास सुला रखा था। काम में व्यस्त होने के दौरान गेट नंबर-1 की ओर से एक ट्रक तेज रफ्तार से आया और उसका अगला बायां पहिया सो रही बच्ची के ऊपर चढ़ गया।
अस्पताल में मृत घोषित
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए आए। पड़ोसी कुलदीप पल्लेदार की मदद से निर्मला देवी ने दुर्गा को बैटरी रिक्शा में बैठाकर बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले गईं। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
उत्तर-पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि शाम 4.30 बजे पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली। शव कब्जे में लेकर घटनास्थल पर ट्रक भी जब्त कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.