बरेली में ठंड के बीच बदला स्कूलों का समय, सोमवार से खुलेंगे विद्यालय

बरेली। जिले में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने आदेश जारी करते हुए कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया है।
यह व्यवस्था बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों के साथ-साथ सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगी। इससे पहले मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण शनिवार तक अवकाश घोषित किया गया था। अब पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने और आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है, हालांकि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय में परिवर्तन किया गया है।
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगा। सभी विद्यालयों को समय-सारिणी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
धूप निकलने से मिली राहत, गलन बरकरार
लगातार दो दिनों तक घने कोहरे के बाद रविवार को मौसम ने कुछ राहत दी। दिनभर हल्की धूप खिली रहने से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिली और बाजारों में सामान्य चहल-पहल नजर आई। हालांकि तापमान कम रहने के कारण ठंड की गलन बनी रही।
बीते दिनों बरेली प्रदेश के सबसे ठंडे जिलों में शामिल रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.