शाहजहांपुर में कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की मौत; कई घायल

HIGHLIGHTS
- बमिहाना गांव से 15 कांवड़ियों का जत्था गुरुवार रात दातागंज के लिए रवाना हुआ था।
- कांवड़िये रामगंगा नदी से जल लेकर शुक्रवार सुबह गांव लौट रहे थे।
- नवादा मोड़ पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर पहले हादसा हुआ।
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमिहाना गांव से कांवड़ लेने गए 15 कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को शुक्रवार सुबह नवादा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बमिहाना गांव से 15 कांवड़ियों का जत्था गुरुवार रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बदायूं के दातागंज स्थित डांडी घाट के लिए रवाना हुआ था। वहां रामगंगा नदी से जल लेकर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे सभी अपने गांव के शिव मंदिर लौट रहे थे।
नवादा मोड़ पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर पहले दातागंज की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार कई कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। आगे कांवड़ लेकर चल रहे शिवम मिश्रा समेत कुछ अन्य साथी भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हुए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों को बरेली भेजा गया, जहां बमिहाना निवासी अमन (20) और गुड्डू (30) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का जैतीपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि कुछ को राजकीय मेडिकल कॉलेज, शाहजहांपुर रेफर किया गया है।
एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि ट्रक चालक पुलिस हिरासत में है और उसका सीएचसी में उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.