यूपी में एसआईआर की डेडलाइन बढ़ी, अब 11 दिसंबर तक जमा कर सकेंगे फॉर्म

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग द्वारा जारी एसआईआर (मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण) अभियान में बीएलओ पर बढ़ते दबाव को देखते हुए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गई है। अब मतदाता सूची के लिए एसआईआर फॉर्म 11 दिसंबर तक भरे जा सकते हैं।
समय सीमा बढ़ाए जाने के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन अब 16 दिसंबर को होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी को जारी की जाएगी। पहले यह क्रमशः 9 दिसंबर और 7 फरवरी तय किया गया था। कई जिलों में बीएलओ ने भारी काम का दबाव होने की शिकायत की थी, और इस अभियान के दौरान कई कर्मचारियों की मौतें भी हुई हैं।
मुरादाबाद में बीएलओ ने की आत्महत्या
इस अभियान के दबाव की गंभीरता को मुरादाबाद की घटना से समझा जा सकता है। भगतपुर टांडा ब्लॉक के जाहिदपुर सीकमपुर गांव में तैनात 46 वर्षीय सहायक अध्यापक सर्वेश सिंह ने रविवार की सुबह अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मौके से पुलिस और परिवार को सुसाइड नोट मिला है, जिसमें सर्वेश सिंह ने लिखा कि उन्हें 7 अक्टूबर को बीएलओ बनाया गया था। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि एसआईआर का लक्ष्य पूरा न होने के कारण उन्हें अत्यधिक मानसिक तनाव था और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
जांच जारी
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को सामने लाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.