शराब पीने पर टोकने से भड़का बेटा, पिता को गोली मारने के बाद खुद को भी किया शूट

वृंदावन। गौरा नगर में शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पारिवारिक विवाद ने दो जिंदगियां छीन लीं। जानकारी के अनुसार, बीड़ी कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपने पिता पर गोली चला दी और कुछ ही पल बाद खुद को भी गोली मार ली।
घटना गौरा नगर निवासी 75 वर्षीय सुरेश चंद्र अग्रवाल के घर की है। सुरेश चंद्र का “दिनेश बीड़ी” नाम से कई राज्यों में बड़ा कारोबार है। शुक्रवार रात लगभग नौ बजे वह घर के बरामदे में बैठे थे, तभी उनका बेटा नरेश अग्रवाल (48) नशे की हालत में घर लौटा। पिता ने उसे शराब पीने पर डांटा तो दोनों में तीखी कहासुनी शुरू हो गई।
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर नरेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। पिता ने रोकने की कोशिश की, लेकिन तभी गोली चल गई, जो सीधे सुरेश चंद्र की छाती में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। यह दृश्य देखकर नरेश ने भी अपनी पिस्टल कनपटी पर रखी और खुद को गोली मार ली।
गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य दौड़े और दोनों को तुरंत रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर और बरामदे को सील कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता-पुत्र के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होता था।
सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला घरेलू झगड़े का प्रतीत हो रहा है। अभी परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.