आजम खां के घर पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कार्यकर्ताओं में उत्साह

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार दोपहर रामपुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में उतरा, जहां भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे।
अखिलेश यादव यहां पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत होने की संभावना है। यह मुलाकात लंबे समय से चल रहे गिले-शिकवे दूर करने और संगठन से जुड़े अहम मसलों पर चर्चा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। साथ ही अखिलेश यादव आजम खां की सेहत का हालचाल भी जानेंगे।
पूरा क्षेत्र सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत रखा गया है। जौहर यूनिवर्सिटी और आजम खां के आवास के आसपास कई थानों की पुलिस तैनात है। खुफिया विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और आसपास की दुकानों व गलियों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया है। प्रशासन ने तीन मजिस्ट्रेट और सीओ स्तर के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा सौंपा है।
साथ ही, रामपुर में सपा पदाधिकारी अखिलेश यादव से पार्टी कार्यालय विवाद पर चर्चा करेंगे। जिला कार्यालय खाली करने के लिए प्रशासन द्वारा चार दिनों की मोहलत दी गई थी, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष है। जिलाध्यक्ष जयवीर यादव के अनुसार बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष को पूरी जानकारी साझा की जाएगी और उनके निर्देशों के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इस दौरान जिला महासचिव, कोषाध्यक्ष, महिला सभा की अध्यक्ष और युवा प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारी भी रामपुर में उपस्थित रहेंगे और सीधे अखिलेश यादव को रिपोर्ट करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.