रामपुर में आजम खां से मिलने पहुंचीं सपा सांसद इकरा हसन, मुलाकात को बताया पारिवारिक

रामपुर: समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद इकरा हसन ने शुक्रवार की रात अपने भाई और कैराना के विधायक नाहिद हसन के साथ वरिष्ठ सपा नेता आजम खां से उनके रामपुर स्थित आवास पर मुलाकात की। करीब डेढ़ घंटे चली इस बातचीत को उन्होंने पूरी तरह पारिवारिक मुलाकात बताया।
इकरा हसन ने आजम खां और उनकी पत्नी डा. तजीन फात्मा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, “हम सिर्फ हालचाल जानने आए थे, यह राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक भेंट थी।” साथ ही उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विश्वास जताया कि इंडिया गठबंधन को जीत मिलेगी और प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनेगी। इकरा हसन ने बताया कि वह चुनाव प्रचार के लिए भी बिहार जाएंगी।
इससे पहले भी कई सपा नेता आजम खां से मुलाकात कर चुके हैं। हाल ही में पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपनी पत्नी नसीम सोलंकी के साथ आजम खां से मिले थे। उन्होंने भी इस मुलाकात को राजनीतिक नहीं, बल्कि निजी बताया था। सोलंकी ने कहा कि, “आजम खां हमारे पिता समान हैं, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे राजनीतिक हैं। जनता सब जानती है और समय आने पर जवाब देगी।”
वहीं, सपा नेता आजम खां ने हाल ही में अपने खिलाफ दर्ज मामलों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “अगर बकरी चोरी हुई तो बरामद क्यों नहीं की गई?” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दर्ज अधिकांश मामले फर्जी और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि बकरी और भैंस चोरी जैसे मामूली आरोपों को लूट और डकैती के रूप में पेश किया गया, जिससे साफ होता है कि उनके साथ अन्याय किया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां के इर्द-गिर्द राजनीतिक हलचल तेज कर दी है, हालांकि इकरा हसन ने इसे पारिवारिक मुलाकात बताते हुए किसी भी राजनीतिक मकसद से इनकार किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.