मुख्तार से खाली कराई जमीन पर अब गरीबों का हक़: सीएम योगी कल सौंपेंगे फ्लैट की चाबियां

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को राजधानी के हजरतगंज क्षेत्र स्थित डालीबाग में तैयार किए गए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के फ्लैट्स का लोकार्पण करेंगे और लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे। यह फ्लैट्स उस जमीन पर बनाए गए हैं, जो पहले माफिया मुख्तार अंसारी के कब्जे में थी और जिसे सरकार ने अभियान चलाकर मुक्त कराया था।
कार्यक्रम डीजीपी आवास के सामने स्थित एकता वन में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चाबियां सौंपेंगे। सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के तहत निर्मित इन फ्लैट्स की कुल संख्या 72 है। प्रत्येक फ्लैट की कीमत 10.70 लाख रुपये निर्धारित की गई है। मंगलवार को लाभार्थियों के चयन के लिए लॉटरी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रदेश में माफियाओं के अवैध कब्जों से भूमि को मुक्त कराने का व्यापक अभियान चलाया गया था। इसी के तहत हजरतगंज के डालीबाग क्षेत्र में 2,322 वर्गमीटर भूमि को अवैध कब्जे से छुड़ाकर गरीबों के लिए आवासीय योजना विकसित की गई।
इस योजना में ग्राउंड प्लस थ्री स्ट्रक्चर के तीन ब्लॉकों में 36.65 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 72 आधुनिक फ्लैट बनाए गए हैं। योजना की लोकेशन बेहद प्राइम है — यह 20 मीटर चौड़ी बंधा रोड पर स्थित है और बालू अड्डा, 1090 चौराहा, नरही, सिकंदरबाग व हजरतगंज चौराहा जैसे प्रमुख स्थलों से केवल 5 से 10 मिनट की दूरी पर है।
इन फ्लैट्स में स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा प्रणाली, दोपहिया पार्किंग और सड़क व पार्क जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। एलडीए ने बताया कि सोमवार को पंजीकरण की प्रक्रिया समाप्त होने तक करीब 8,000 आवेदक सामने आए थे।
सीएम योगी के हाथों बुधवार को लाभार्थियों को नए घरों की चाबी मिलने के साथ ही यह योजना प्रदेश में माफियाओं की जमीनों को जनहित में उपयोग करने का प्रतीक बन जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.