खेल, संस्कृति और नवाचार से उत्तर प्रदेश बनेगा विकसित भारत का इंजन: सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश केवल जनसंख्या के लिहाज से सबसे बड़ा राज्य नहीं है, बल्कि यह प्रतिभाशाली युवाओं की भूमि है, जो खेल, संस्कृति और नवाचार के क्षेत्र में ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा उत्सव-2025 और यूथ पार्लियामेंट-2025 के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और टैबलेट प्रदान कर सम्मानित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विधायक व सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया, युवा संवर्धन केंद्रों की शुरुआत की और 16 हजार युवक मंगल दल व महिला मंगल दलों को खेल सामग्री वितरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले युवाओं को खेल सामग्री का वितरण सरकार की ओर से एक विशेष उपहार है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक लाख से अधिक युवक और महिला मंगल दल सक्रिय हैं और अब तक 80 हजार से अधिक दलों को खेल किट दी जा चुकी हैं। गांव-गांव में खेल प्रतियोगिताएं शुरू की जाएंगी, जो आगे चलकर न्याय पंचायत, ब्लॉक, विधानसभा और संसदीय स्तर तक आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को अनुशासित और स्वस्थ रखने का माध्यम हैं और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ही विकास की प्रेरणा बनती है।
योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल खेलकूद तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों में लोक कला, लोक गायन, नाटक मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि ये परंपराएं हमारी संस्कृति और इतिहास की पहचान हैं, जिन्हें जीवित रखना प्रत्येक युवा की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति कार्यक्रम का पंचम चरण चला रही है। महिला मंगल दलों को इस अभियान से जोड़ने का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों से अवगत कराना है।
योगी ने बताया कि ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। विधानसभा में चर्चा के बाद इसे व्यापक जनसंवाद से जोड़ा गया और 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों व शहरी निकायों से सुझाव लिए गए हैं। समर्थ पोर्टल के माध्यम से अब तक 40 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि गांव आत्मनिर्भर होंगे तो प्रदेश विकसित होगा और विकसित प्रदेश ही ‘विकसित भारत’ की नींव बनेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य हर ग्राम पंचायत में एक खेल मैदान विकसित करना है ताकि बच्चे और युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकें। प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर मुख्य स्टेडियम के साथ ओपन जिम और प्रशिक्षण केंद्रों का निर्माण भी तेजी से हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 500 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में स्थान दिया गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2047 में जब भारत आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब आज के युवा ही उस विकसित भारत के निर्माता होंगे। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित एकता कार्यक्रमों में 1.5 लाख युवाओं की भागीदारी इसका उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के युवक मंगल दल और महिला मंगल दल इस परिवर्तन के अग्रदूत बनेंगे और प्रदेश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में अग्रणी रहेगा।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सांसद संजय सेठ, विधायक योगेश शुक्ला, अमरेश कुमार, लालजी प्रसाद निर्मल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.