पश्चिम एशिया संकट: विदेश मंत्रालय ने कहा- भारतीय जहाजों की सुरक्षित वापसी प्राथमिकता

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच, मंगलवार को विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया को स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईरान और अन्य संबंधित देशों के साथ बातचीत जारी है और होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे भारतीय जहाजों को सुरक्षित वापस लाना सरकार की प्राथमिकता है।
विदेश मंत्रालय का बयान
रणधीर जायसवाल ने कहा कि कई भारतीय जहाज अभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए हैं। हमारा मकसद उन्हें ईरान और अन्य देशों के सहयोग से सुरक्षित भारत लाना है। उन्होंने यह भी बताया कि मानवीय सहायता से जुड़े मुद्दों पर भी ईरान के साथ संवाद जारी है।
ब्रिक्स देशों के रुख पर क्या कहा
जायसवाल ने ब्रिक्स पर भी बात करते हुए कहा कि फिलहाल ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत के पास है। ब्रिक्स आपसी सहमति के आधार पर काम करता है, लेकिन वर्तमान संघर्ष में इसके कई सदस्य शामिल हैं, इसलिए सभी देशों के दृष्टिकोण को एक साथ लाना चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद, भारत सभी पक्षों से संपर्क बनाए हुए है और बातचीत लगातार जारी है।
विदेश मंत्री की ब्रसेल्स यात्रा
विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूरोप के समकक्षों के साथ वैश्विक चुनौतियों, खासकर पश्चिम एशिया के संघर्ष और उसके ऊर्जा सुरक्षा पर असर पर चर्चा की। यह बातचीत यूरोपीय संघ की विदेश मामलों की परिषद की बैठक के दौरान हुई। इस दौरान मंत्रियों ने संघर्ष को जल्द समाप्त करने के लिए कूटनीति और संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया।
ओमान में मारे गए दो भारतीयों के शव परिवार को सौंपे गए
विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (खाड़ी क्षेत्र) असीम महाजन ने बताया कि ओमान के सोहार शहर में हुई घटना में मारे गए दो भारतीय नागरिकों के शव आज जयपुर में उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
असीम महाजन ने आगे बताया कि सेफसी विष्णु जहाज से जुड़ी एक घटना इराक के बसरा तट के पास हुई। इसमें 15 भारतीय कर्मचारी सुरक्षित हैं और फिलहाल बसरा के एक होटल में ठहरे हुए हैं। अधिकारियों की टीम उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर रही है।
इसके अलावा, इराकी अधिकारियों के सहयोग से एक और भारतीय की मौत का शव भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है। अब तक कुल पांच भारतीयों की मौत हो चुकी है और एक अभी लापता है। ओमान, इराक और UAE में भारत के दूतावास इन मामलों की निगरानी कर रहे हैं और बाकी शवों और लापता नागरिक की खोज जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.