काशी में महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा, बाबा विश्वनाथ के दरबार में की पूजा-अर्चना

HIGHLIGHTS
- महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर करीब दो किलोमीटर तक पैदल यात्रा की।
- यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।
- मंदिर में प्रवेश के दौरान सावन की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
वाराणसी। सावन के महीने में बाबा विश्वनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में शनिवार को माता शृंगार गौरी केस से जुड़ी वादिनी महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर करीब दो किलोमीटर तक पैदल यात्रा की और बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने 'ज्ञानवापी मुक्त करो' के नारे भी लगाए।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। महिलाओं ने बताया कि वे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने और उनसे प्रार्थना करने के लिए मंदिर पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि न्यायालय में चल रहे मामले में जीत की कामना को लेकर वे बाबा के दरबार में आई हैं।
महिलाओं का कहना है कि ज्ञानवापी परिसर में स्थित वजूखाने को लेकर उनका दावा है कि वहां उनके आराध्य महादेव विराजमान हैं। उन्होंने बाबा से प्रार्थना की कि न्यायालय में चल रहे मामले का फैसला जल्द उनके पक्ष में आए और उन्हें वहां जलाभिषेक करने का अवसर मिले। इसके साथ ही उन्होंने शृंगार गौरी माता के दर्शन और पूजन की अनुमति मिलने की भी कामना की।
कलश यात्रा में ज्ञानवापी मामले से जुड़े अधिवक्ता भी शामिल हुए। सभी ने बाबा विश्वनाथ के जयकारे लगाए। यात्रा समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर के 4बी गेट से प्रवेश कराया गया। सावन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी अलर्ट रही। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मी मंदिर के बाहर तैनात रहे।
मामले से जुड़े सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने क्या कहा?
इस पूरे मामले से जुड़े सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने कहा कि ज्ञानवापी से संबंधित मुकदमा बाबा विश्वनाथ को मुक्त कराने के लिए चल रहा है। उन्होंने अपने बयान में दावा किया कि आक्रांताओं ने मंदिर को ध्वस्त कर वहां मस्जिद का निर्माण कराया था। उनका कहना था कि उस ढांचे को हटाकर वहां भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए, क्योंकि यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा स्थल है।
चतुर्वेदी ने कहा कि कलश यात्रा में शामिल महिलाएं बाबा विश्वनाथ से यही प्रार्थना करने आई हैं कि न्यायालय इस मामले में जल्द फैसला सुनाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था इस पूरे मामले से गहराई से जुड़ी हुई है और सभी को न्यायालय के निर्णय का इंतजार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.