योगी आदित्यनाथ ने नरपतगंज में महागठबंधन पर हमला बोला, विकास और सुरक्षा पर दिया जोर

अररिया (बिहार): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नरपतगंज हाई स्कूल स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस, राजद और समाजवादी पार्टी पर कड़ा प्रहार किया। चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में आयोजित इस सभा में उन्होंने बिहार में ‘जंगलराज’ लौटाने की कोशिश करने वालों को रोकने का आह्वान किया।
योगी ने कहा कि बिहार की गौरवशाली धरती, जिसने नालंदा, आर्यभट्ट, चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य को जन्म दिया, कांग्रेस-राजद के शासनकाल में जातीय विभाजन, माफियागिरी और बेरोजगारी का शिकार हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन समाज को बांटकर नौजवानों और किसानों के अवसरों को छीन रहा है।
यूपी मॉडल और माफिया नियंत्रण का उदाहरण
सीएम ने यूपी के पिछले साढ़े आठ साल के शासन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां न कर्फ्यू है और न दंगे, माफियाओं पर बुलडोजर चला कर अवैध कब्जों को समाप्त किया गया। उन्होंने कहा कि यूपी में जिस तरह माफियाओं की हड्डी-पसली कर दी जाती है, वही एनडीए का सुशासन बिहार में भी लाएगा।
आस्था और विकास का संतुलन
योगी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि एनडीए हमेशा जो कहता है, उसे कर दिखाता है। उन्होंने बताया कि अयोध्या में भगवान राम विराजमान हैं और भव्य राम मंदिर बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास हुआ है।
निर्वाचन अपील और महागठबंधन पर प्रहार
सीएम ने नरपतगंज से एनडीए प्रत्याशी देवंती यादव के पक्ष में वोट की अपील की और कहा कि महागठबंधन के उम्मीदवार की जमानत जब्त होगी। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे घर-घर जाकर पीएम मोदी और नीतीश कुमार के संदेश को फैलाएं।
योगी ने कहा कि बिहार का गौरवशाली अतीत झूठे वादों और काले इतिहास वाले नेताओं से खतरे में है। कांग्रेस और राजद के शासन में बिहार में हिंसा, अपहरण और अराजकता फैली थी। उन्होंने चेताया कि विकास को रोकने और जंगलराज लौटाने वालों को सत्ता में आने नहीं दिया जाना चाहिए।
केंद्र की योजनाओं का उल्लेख
सीएम ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि 46 करोड़ लोगों के बैंक खाते खुलने से योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचा। उन्होंने 10 करोड़ गरीबों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन देने का भी हवाला दिया और विपक्ष पर दलाली का आरोप लगाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.