लुधियाना में जीत का जश्न बना रणक्षेत्र, आप और कांग्रेस समर्थकों में हिंसक झड़प

लुधियाना (पंजाब)। ब्लॉक समिति चुनाव में जीत का जश्न उस समय हिंसा में बदल गया, जब गिल रोड स्थित बचित्तर नगर इलाके में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया। पहले दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ और इसके बाद कथित तौर पर कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने फायरिंग कर दी। घटना के वक्त मौके पर महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, जिससे अफरातफरी मच गई।
यह घटना उस समय हुई, जब आप कार्यकर्ता जीत के बाद धन्यवाद रैली निकाल रहे थे। पथराव और गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में गुरमुख सिंह (65), रविन्द्र सिंह (44), गुरदीप सिंह (32), उदमवीर सिंह (25) और मनदीप सिंह (36) शामिल हैं। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल रविन्द्र सिंह के अनुसार, रैली के दौरान कांग्रेस नेता जसबीर सिंह ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पहले कांग्रेस समर्थकों ने पत्थर फेंके और फिर फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे कई लोग घायल हुए।
आप नेता जतिंदरपाल सिंह गाबड़िया ने कहा कि बचित्तर नगर से ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनाव में आप के उम्मीदवारों की जीत के बाद रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान कांग्रेस नेता और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घायलों ने भी आरोप लगाया कि हार से नाराज होकर फायरिंग की गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने कई लोगों के बयान दर्ज किए हैं। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने धरना भी दिया।
वीडियो हुआ वायरल
घटना का करीब डेढ़ मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पहले पथराव और फिर गोली चलने की आवाज सुनाई देती है। आरोप है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति कांग्रेस नेता जसबीर सिंह है। वीडियो में एक बुजुर्ग को गोली लगते और उसे एक महिला द्वारा सुरक्षित स्थान पर ले जाते हुए भी देखा जा सकता है।
पुलिस का बयान
थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.