नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स गिरफ्तार, दिल्ली से गोवा रवाना

नई दिल्ली/गोवा। गोवा के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में 6 दिसंबर को हुई भीषण आग की घटना में 25 लोगों की मौत के मामले में जांच ने अहम मोड़ ले लिया है। हादसे के बाद फरार चल रहे नाइटक्लब के मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को विदेश से डिपोर्ट कर भारत लाया गया, जहां दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उन्हें हिरासत में लिया गया।
दोनों आरोपियों को मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे एयरपोर्ट पर पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण द्वारका स्थित इंदिरा गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कराया गया। इसके बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने गोवा पुलिस को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर ली।
ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गोवा पुलिस दोनों भाइयों को अपने साथ गोवा ले गई है, जहां उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद पुलिस आग लगने की घटना, सुरक्षा इंतजामों और कथित लापरवाही को लेकर उनसे गहन पूछताछ करेगी।
इस बीच, गोवा के पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि 6 दिसंबर की रात नाइटक्लब में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया था, जिसमें 25 लोगों की जान चली गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस की टीमें जिम्मेदारों की तलाश में जुटी थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.