ट्रंप को मिली थी हत्या की धमकी? तुर्किये से निकलने के लिए बदला था प्लेन, सामने आई बड़ी जानकारी

HIGHLIGHTS
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तुर्किये यात्रा के दौरान कथित हत्या की धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है।
- धमकी के बाद ट्रंप ने तुर्किये से ब्रिटेन के लिए छोटे C-32A विमान से गुपचुप उड़ान भरी।
- ट्रंप को पुराने एयर फोर्स वन विमान से एक कैटरिंग कंटेनर के जरिए निकालकर C-32A तक पहुंचाया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पिछले महीने तुर्किये यात्रा के दौरान कथित रूप से हत्या की धमकी मिली थी। इसके बाद उन्होंने कतर से मिले बोइंग 747-8 विमान को छोड़कर छोटे सी-32ए विमान से गुपचुप तरीके से तुर्किये से बाहर उड़ान भरी। ट्रंप तुर्किये भी कतर से मिले इसी विमान से पहुंचे थे।
पिछले महीने सामने आई एक रिपोर्ट में कहा गया था कि कथित धमकी के चलते अमेरिकी राष्ट्रपति ने कतर से मिले नए विमान के बजाय पुराने बोइंग 747 से यात्रा की थी।
हालांकि, वॉशिंगटन पोस्ट की नई रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने एक बार फिर विमान बदल लिया था। रिपोर्ट ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि ट्रंप को पुराने एयर फोर्स वन विमान से एक कैटरिंग कंटेनर के जरिए बाहर निकाला गया। यह कंटेनर उन्हें एक छोटे सी-32ए विमान तक लेकर गया। इसके बाद ट्रंप ने इसी विमान से ब्रिटेन के लिए उड़ान भरी।
मीडिया और कुछ अधिकारियों को यह भरोसा दिलाया गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति अभी भी पुराने बड़े बोइंग 747 विमान में ही मौजूद हैं। अंकारा से पुराने विमान में रवाना हुए पत्रकारों से भी खिड़कियों के पर्दे नीचे रखने के लिए कहा गया था।
ट्रंप उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अंकारा पहुंचे थे। उस समय उन्होंने कहा था कि वह पुराने बोइंग 747 से यात्रा करेंगे, ताकि ब्रिटेन के एक एयरबेस पर तैनात अमेरिकी सेना के सदस्य नए विमान को देख सकें।
हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स समेत कई अमेरिकी मीडिया संस्थानों ने बताया कि ईरान समर्थित समूहों की ओर से मिली धमकी के कारण विमान बदला गया था।
वीडियो में ट्रंप को ले जाने वाला कैटरिंग ट्रक दिखा
वॉशिंगटन पोस्ट ने एक कैटरिंग ट्रक का वीडियो भी साझा किया है। इसमें पुराने बोइंग विमान से कैटरिंग ट्रक को नीचे उतारते हुए दिखाया गया है। यह घटना ट्रंप के विमान में जाने के कुछ मिनट बाद की बताई गई है।
वीडियो में कैटरिंग वाहन को छोटे सी-32ए विमान की ओर जाते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, अमर उजाला ने इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।
ब्रिटेन पहुंचने के बाद ट्रंप बड़े विमान से बाहर निकले। दोनों विमान ब्रिटेन में उतरे थे। इसके बाद ट्रंप को कतर से मिले और नए रूप में तैयार किए गए एयर फोर्स वन विमान में ले जाया गया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि ट्रंप ने छोटे विमान से बड़े विमान में कब और किस तरह सफर बदला।
कतर से मिले विमान की सुरक्षा पर भी उठे सवाल
विमान बदलने की इस घटना के बाद कतर से मिले विमान की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस विमान में पुराने एयर फोर्स वन विमानों में उपलब्ध कुछ सुरक्षा सुविधाएं नहीं हैं। इनमें मिसाइल रोधी सुरक्षा भी शामिल है।
कतर के शाही परिवार ने पिछले साल यह लग्जरी विमान ट्रंप को दिया था। इससे पहले ट्रंप 1990 से एयर फोर्स वन के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे पुराने बोइंग 747 विमानों की आलोचना कर चुके थे।
इस विमान को तेजी से सुरक्षा सुविधाओं से लैस किया गया। इसके बाद एक जुलाई को ट्रंप ने पहली बार इस विमान से नॉर्थ डकोटा की यात्रा की थी। इसके बाद यह विमान अपनी पहली विदेश यात्रा पर तुर्किये गया।
व्हाइट हाउस ने विमान में मौजूद सुरक्षा सुविधाओं का बचाव किया है। उसने इसे 'अत्याधुनिक' बताया और कहा कि इसमें बेहद उच्च स्तर की सुरक्षा व्यवस्था है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप की सुरक्षा के लिए उपलब्ध सभी उपायों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.