यूक्रेन ने रूस के तातारस्तान में बरसाए ड्रोन, 13 लोगों की मौत; 39 घायल

HIGHLIGHTS
- निजनेकामस्क शहर में ड्रोन हमले की घटना सामने आई।
- हमले के बाद तेल सुविधा केंद्र के पास काले धुएं का गुबार दिखा।
- रूस के रक्षा मंत्रालय ने 456 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराने का दावा किया।
मॉस्को। रूस के तातारस्तान क्षेत्र में यूक्रेन की ओर से किए गए ड्रोन हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध के दौरान इसे कीव की ओर से किए गए सबसे घातक हमलों में से एक बताया जा रहा है।
क्षेत्रीय प्रेस सर्विस ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि निजनेकामस्क शहर में हुए ड्रोन हमले में 13 लोगों की जान गई, जबकि 39 लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेन की सीमा से 1,000 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित तातारस्तान ऊर्जा संसाधनों के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां कई बड़ी तेल रिफाइनरियां भी हैं, जिन्हें कीव जवाबी हमलों के दौरान निशाना बनाता रहा है।
तेल सुविधा के पास दिखा काले धुएं का गुबार
सोशल मीडिया पर सामने आए अपुष्ट वीडियो में निजनेकामस्क शहर के पास स्थित एक तेल सुविधा केंद्र से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, इस साल रूस और यूक्रेन दोनों ने लंबी दूरी के हमलों में काफी बढ़ोतरी की है। इसके चलते नागरिकों की मौत की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
यूक्रेन में रूसी हमले में पांच लोगों की मौत का दावा
यूक्रेन में अग्रिम मोर्चे के पास स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-पूर्वी खार्कीव क्षेत्र के एक गांव में रूसी तोपखाने से किए गए हमले में पांच लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि 10 अगस्त को रूसी सेना ने चुगुइव जिले के बुगाइव्का गांव के रिहायशी इलाके में भारी तोपखाने से हमला किया। उनके अनुसार, हमले में कई मकान नष्ट हो गए और पांच लोगों की मौत हुई। अधिकारियों ने मलबे में तब्दील हुए एक मकान की तस्वीर भी साझा की।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने रातभर में छोड़े गए 456 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया। हालांकि, मंत्रालय ने यह जानकारी नहीं दी कि इनमें से कितने ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंच सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.