ऊना: कार के खाई में गिरते ही लगी आग, 2 लोगों की मौत

ऊना (हिमाचल प्रदेश)। जिला ऊना के चिंतपूर्णी क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। भरवाईं-होशियारपुर मार्ग पर एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। घटनास्थल पर एक व्यक्ति का शव कार के बाहर मिला, जबकि दूसरा शव वाहन के भीतर ही आग में झुलस गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।
कार का नंबर पीबी-10-के-7531 बताया जा रहा है, जो पंजाब के लुधियाना में रजिस्टर्ड है। वाहन से मिले एक आधार कार्ड में ताजपुर रोड, लुधियाना का पता दर्ज पाया गया है। हालांकि, अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संभावना है कि दोनों व्यक्ति मां चिंतपूर्णी के दर्शन करने आए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।
जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां सड़क पर तीखे मोड़ और गहरी ढलान है। बताया जाता है कि इस क्षेत्र में पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। प्रशासन ने यहां सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी लगाई हुई है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वाहन तेज रफ्तार में था।
प्रारंभिक आशंका यह भी जताई जा रही है कि हादसे से पहले वाहन के टायर में तेज धमाका हुआ हो सकता है, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और कार खाई में जा गिरी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शवों की पहचान की कोशिश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.