मेरठ में बनेगी यूपी की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप, मेडा ने 1086 करोड़ में खरीदी जमीन

मेरठ। मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप विकसित करने की दिशा में मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने बड़ा कदम उठाया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए अब तक किसानों से करीब 150 हेक्टेयर भूमि 1086 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी जा चुकी है। परियोजना के विस्तार के तहत आगे लगभग 144 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण की भी तैयारी की जा रही है।
मोहिउद्दीनपुर और आसपास के क्षेत्रों में विकसित होने वाली इस नई टाउनशिप से शहरी ढांचे को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही इलाके में निर्माण गतिविधियां भी तेज हो गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में अपने आवासीय विकास को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

मेडा ने इकला गांव में शेष 21 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। कुल मिलाकर 144 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को परियोजना में शामिल करने की योजना पर काम चल रहा है। सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
मेडा के उपाध्यक्ष संजय मीणा के अनुसार, यह टाउनशिप मेरठ के शहरी विकास को नई दिशा देगी। इससे न केवल आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
परियोजना के पहले चरण में मोहिउद्दीनपुर की 46 हेक्टेयर भूमि 418 करोड़ रुपये में और छज्जुपुर गांव की 21 हेक्टेयर भूमि 81 करोड़ रुपये में खरीदी गई थी। इसके बाद दूसरे चरण में दौलतपुर फखराबाद उर्फ कायस्थ गांवड़ी की 81 हेक्टेयर भूमि 587 करोड़ रुपये में अधिग्रहित की गई। इस तरह कुल मिलाकर 150 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर प्राधिकरण का नियंत्रण हो चुका है।
प्राधिकरण ने अधिग्रहित भूमि की सुरक्षा के लिए तारबंदी भी कर दी है, ताकि किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.