दिल्ली: मदनपुर खादर में नाले में बहा 18 वर्षीय युवक, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम

HIGHLIGHTS
- सूचना मिलने पर सरिता विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
- DDMA ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली फायर सर्विस ने तलाश अभियान चलाया।
- लगातार सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का अभी तक पता नहीं चल सका है।
दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के मदनपुर खादर स्थित प्रियंका कैंप आली गांव में शुक्रवार रात एक हादसे में 18 वर्षीय युवक नाले के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद पुलिस और डीडीएमए की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है।
भीम कॉलोनी निवासी अंकित नोएडा से लौट रहा था। प्रियंका कैंप के पास नाले के किनारे पहुंचने पर वह अचानक फिसल गया और तेज बहाव वाले पानी में गिरकर बह गया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
PCR कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
सरिता विहार पुलिस स्टेशन में 7 अगस्त की रात PCR कॉल मिली थी कि एक युवक नाले में बह गया है। सूचना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए SI रोशन लाल को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
SI रोशन लाल बीट स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्हें शिकायतकर्ता मनीष पुत्र राज किशोर मिला, जो भीम कॉलोनी, अली विहार, दिल्ली का रहने वाला है।
संतुलन बिगड़ने से नाले में गिरा युवक
पुलिस पूछताछ में मनीष ने बताया कि उसका दोस्त अंकित, पुत्र सुनील, नोएडा से वापस लौट रहा था। प्रियंका कैंप नाले के पास पहुंचने पर वह फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण अंकित तेज बहाव वाले नाले में गिर गया और पानी के साथ बह गया।
घटना के तुरंत बाद अंकित की तलाश शुरू की गई। DDMA ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली फायर सर्विस की फायर टेंडर WT-74 की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
लगातार तलाश के बावजूद अभी तक अंकित का पता नहीं चल पाया है। युवक की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.