रेवाड़ी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का सख्त संदेश, अनुशासनहीनता पर होगी कार्रवाई

हरियाणा के रेवाड़ी में कांग्रेस संगठन को लेकर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी तरह की अनुशासनहीनता या पार्टी लाइन से हटकर काम करने की प्रवृत्ति को अब बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने हाल ही में सामने आई क्रॉस वोटिंग की घटनाओं पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने भाजपा के दबाव में आकर यह कदम उठाया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। राव ने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और दोषियों को किसी भी स्तर पर राहत नहीं दी जाएगी।
रेवाड़ी और धारूहेड़ा नगर निकाय चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने संकेत दिया कि कांग्रेस यदि कार्यकर्ताओं की राय सहमत हुई तो चुनाव पार्टी सिंबल पर ही लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सिंबल पर चुनाव लड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर महंगाई और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फसल खरीद को लेकर बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। किसानों पर नई शर्तें थोपकर उनकी उपज खरीद से बचने की कोशिश की जा रही है, जिससे वे परेशान हैं। इस संबंध में उन्होंने राज्यपाल के नाम जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी रही। विशेष रूप से पूर्व विधायक चिरंजीव राव की गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गईं, हालांकि पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी जसवंत सिंह कार्यक्रम में मौजूद रहे।
दौरे के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने नई अनाज मंडी का भी निरीक्षण किया और खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.