रामराज में हनी ट्रैप से ट्रांसपोर्टर अपहरण कांड का खुलासा, 4 गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर: रामराज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक ट्रांसपोर्टर को फंसाने के लिए हनी ट्रैप और अपहरण की साजिश रचने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे घटनाक्रम में एक युवक ने अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए जाल बिछाया और पीड़ित को मिलने के बहाने बुलाया गया।
जैसे ही पीड़ित मौके पर पहुंचा, आरोपियों ने उसे घेरकर अपहरण कर लिया, मारपीट की और लूटपाट की। इस दौरान उससे एटीएम कार्ड लेकर पैसे भी निकाले गए और पिस्टल के साथ उसका वीडियो बनाकर धमकाया गया।
पुलिस ने कई आरोपियों को पकड़ा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि चार मई को ट्रांसपोर्टर समीर के भाई तालिब ने थाना रामराज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि स्कूटी से जाते समय कुछ युवकों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर जबरन मुझेड़ा बाग ले जाकर मारपीट की गई। वहां उनसे नगदी छीन ली गई और एटीएम कार्ड से 20 हजार रुपये निकाले गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मीरापुर निवासी नईम, अनस, मुझेड़ा निवासी सुमित सैनी और एक युवती को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कार, बाइक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, नकदी, मोबाइल फोन, तमंचा और चाकू बरामद हुए हैं।
हनी ट्रैप के जरिए बनाई गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे मामले की जड़ पुरानी रंजिश थी। आरोपी युवती का संबंध मुझेड़ा निवासी समरेज से था। बताया गया कि कुछ समय पहले कार को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया था।
इसी रंजिश के चलते समरेज ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर योजना बनाई और फर्जी सोशल मीडिया आईडी के जरिए पीड़ित से संपर्क कराया गया। लगातार चैटिंग के बाद उसे मिलने के लिए बुलाया गया, जहां पूरी साजिश को अंजाम दिया गया।
धमकी और वीडियो से डराने की कोशिश
घटना के दौरान आरोपियों ने पीड़ित का वीडियो बनाकर धमकी दी कि यदि उसने पुलिस को सूचना दी तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, गिरोह में शामिल कुछ आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.