यूपी: प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए बदला गया स्कूलों का समय

यूपी: प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे, जबकि पहले इनका समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित था।
नई समय सारिणी लागू
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने जानकारी दी कि गर्मी और हीटवेव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों का संचालन अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक चलेंगी।
प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मध्यावकाश सुबह 10 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिक्षक और कर्मचारी रहेंगे पूरे समय उपस्थित
नए निर्देशों के अनुसार शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे।
निदेशक ने यह भी कहा कि मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में समय निर्धारण का निर्णय विद्यालय प्रबंध समिति अपने स्तर पर ले सकेगी।
शिक्षक संगठनों की लगातार मांग
प्रदेश में बढ़ती गर्मी के कारण शिक्षक संगठनों की ओर से लंबे समय से स्कूल समय में बदलाव की मांग की जा रही थी। कुछ जिलों में पहले ही स्थानीय स्तर पर समय परिवर्तन लागू किया जा चुका था।
आरटीई के अनुसार समय निर्धारण की मांग
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (प्राथमिक संवर्ग) ने भी स्कूलों के समय को आरटीई-2009 के मानकों के अनुसार तय करने की मांग उठाई है।
संगठन का कहना है कि अत्यधिक लंबे समय तक स्कूल में बच्चों को रखना उनके मानसिक और शारीरिक विकास के लिए सही नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने सुझाव दिया कि गर्मी में स्कूल का समय साढ़े चार घंटे और सर्दियों में पांच घंटे तक सीमित होना चाहिए।
शिक्षा घंटों को लेकर सुझाव
प्रदेश महामंत्री प्रदीप तिवारी ने बताया कि आरटीई के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक 800 घंटे और कक्षा 6 से 8 तक 1000 घंटे का शैक्षणिक समय निर्धारित है, जिसे संतुलित तरीके से लागू किया जाना चाहिए।
संगठन ने यह भी कहा कि तय समय सीमा लागू होने से हर मौसम में बार-बार समय बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और व्यवस्था अधिक स्थिर हो जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.