उत्तम नगर में पिता और चाचा की हत्या का खुलासा, बेटा गिरफ्तार

राजधानी के उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का रहस्य द्वारका जिला पुलिस ने सुलझा लिया। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के आरोप में मृतक का 22 वर्षीय बेटा ईश्वर को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान ईश्वर ने अपने पिता देवेंद्र कुमार और चाचा अमित की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई।
मौके पर बिखरी शराब की बोतलें और अस्त-व्यस्त कमरा
डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल को पुलिस को मोहन गार्डन में एक घर में दो व्यक्तियों की मृत अवस्था की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने 50 वर्षीय देवेंद्र कुमार और 48 वर्षीय उनके भाई अमित के शव पाए। कमरा पूरी तरह अस्त-व्यस्त था और चारों ओर शराब व बीयर की बोतलें बिखरी हुई थीं। पोस्टमार्टम में पता चला कि दोनों की मौत बाहरी प्रहार और गंभीर आघात के कारण हुई।
मकान मालिक ने पहले मामला शांत कराया था
जांच में मकान मालिक नरेश कुमार ने बताया कि देवेंद्र कुमार, उनके भाई अमित और बेटे ईश्वर करीब 10-12 दिन पहले किराए पर इस घर में रहने आए थे। 3 अप्रैल की रात लगभग 11:30 बजे घर में शोर-शराबे की सूचना मिली। मकान मालिक अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा नशे में ईश्वर ने खोला। उन्होंने समझा-बुझाकर विवाद शांत किया और लौट गए। लेकिन अगली सुबह कमरे में देवेंद्र और अमित की लाशें मिलीं और ईश्वर फरार था।
बेटे ने खुद बताया हत्या की वजह
जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, एएसआई राजेश और हेड कांस्टेबल नवीन शामिल थे। तकनीकी निगरानी और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ईश्वर को नजफगढ़ रोड, उत्तम नगर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में ईश्वर ने स्वीकार किया कि शराब के नशे में उसने अपने पिता और चाचा के साथ झगड़ा किया और गुस्से में आकर उन्हें पीट-पीटकर मार डाला। हत्या के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी शराब का आदी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.